
परिवहन निगम के कर्मचारियों की हड़ताल 15वें दिन भी जारी, 50 हजार कैब चालकों ने की 12 घंटे हड़ताल
परिवहन कर्मचारियों को कांग्रेस, भाजपा, तेलगू देशम पार्टी, तेलांगना जन समिति, जनसेना, वाम पार्टियों, ट्रेड यूनियनों, शिक्षकों और कर्मचारियों के विभिन्न संगठनों का समर्थन मिल रहा है। इसके समर्थन में विरोध प्रदर्शन करने वाले कई राजनेताओं को हिरासत में लिया गया है। राज्य की तेलंगाना सरकार अब तक हड़ताल पर जाने वाले 48,000 कर्मचारियों को बर्खास्त कर चुकी है। परिवहन कर्मचारियों की हड़ताल के कारण स्कूल और कॉलेज सोमवार तक बंद हैं।
जैसा कि आप सभी जानते है कि पिछले दो सप्ताह में वेतन नहीं मिलने से निराश राज्य परिवहन निगम के दो कर्मचारी आत्महत्या कर चुके हैं। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों का दावा है कि चार अन्य कर्मचारियों ने भी बर्खास्त किए जाने के कारण अपनी जान देने की कोशिश की है। शुक्रवार को तेलंगाना हाईकोर्ट ने कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वह 28 अक्टूबर तक अपने विवादों का निपटारा करे और कोर्ट को रिपोर्ट सौंपे।
आपको बता दें कि इससे पूर्व हाईकाेर्ट ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार को फटकार भी लगाई थी। कोर्ट ने सरकार से कहा था कि वह जल्द से जल्द हड़ताल समाप्त करवाए और सभी 49,190 कर्मचारियों के सितंबर माह का भुगतान 21 अक्टूबर तक करे। हालांकि, सरकार ने कहा था कि कर्मचारी खुद ही ड्यूटी से दूर हैं। मौजूदा समय में ऑन रोल सिर्फ 1,200 कर्मचारी ही राज्य परिवहन निगम में काम कर रहे हैं।