सपना चौधरी की मुश्किल बढ़ीं, मुरादाबाद में अश्लील डांस के आरोप में मामला दर्ज
जानी मानी हरियाणवी डांसर सपना चौधरी हाल ही में मुरादाबाद में डांस प्रोग्राम करने पहुंची थीं। इस कार्यक्रम में उन पर अश्लील डांस करने का आरोप लगा है। साथ ही ये भी आरोप है कि उनके कार्यक्रम की वजह से व्यवस्था खराब हुई और दंगे की स्थिति पैदा हो गई। इस मामले में डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने अदालत में सपना चौधरी के खिलाफ वाद दायर की है।
बता दें कि मंगलवार की रात मुरादाबाद जिला प्रशासन की ओर से चल रही जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में हरिणावी नाइट कार्यक्रम का आयोजन था। इस कार्यक्रम में डांसर सपना चौधरी को बुलाया गया था। इसके बाद ‘हरियाणवी नाइट’ कार्यक्रम में दर्शकों ने जमकर हंगामा किया, जिसकी वजह से इसे बीच में ही रोकना पड़ा था।
मंगलवार रात साढ़े नौ बजे सपना चौधरी कार्यक्रम शुरू हुआ। ऐसा लग रहा था जैसे पूरा शहर यहां शो देखने आया हो। सपना चौधरी स्टेज पर पहुंची और लागे ब्यूटीफुल... गाने पर डांस करना शुरू किया। इसके बाद फैंस अपनी जगह नाचने लगे और सीटियां बजाने लगे। कुछ देर बाद सपना चौधरी ने अपने सिग्नेचर गाने 'तेरी आख्या का यो काजल' पर डांस करना शुरू किया तो फैंस बैरिकेडिंग तोड़कर स्टेज के करीब आने की कोशिश करने लगे।
आलम ये हो गया कि सपना चौधरी को कार्यक्रम रोकना पड़ा। इसके बाद आयोजकों के समझाने पर आधे घंटे बाद शो शुरू हो सका। एडीएम सिटी और आयोजकों के समझाने के बावजूद लोग नहीं माने। इसके बाद सपना चौधरी ने कार्यक्रम खत्म कर दिया।