दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती ज्योतिरादित्य सिंधिया को बुखार और गले में खराश की शिकायत है
भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दरअसल, गले में खराश और बुखार जैसे लक्षण दिखने के बाद दोनों को दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां टेस्ट रिपोर्ट में दोनों कोरोना संक्रमित पाए गए।
बताया जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी मां माधवी राजे सिंधिया को चार दिन पहले मैक्स साकेत में एडमिट कराया गया है. ज्योतिरादित्य सिंधिया में कोरोना के सिम्टम्स थे, लेकिन उनकी मां में कोई लक्षण नहीं थे. आज दोनों का टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आया है. अब दोनों का इलाज चल रहा है.
बताया जा रहा है कि लॉकडाउन के ऐलान के बाद से ही ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली में ही हैं. वह अपने परिवार के साथ दिल्ली स्थित अपने आवास पर रह रहे थे, लेकिन चार दिन पहले अचानक ज्योतिरादित्य सिंधिया में कोरोना के सिम्टम्स दिखे. इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया.
ज्योतिरादित्य सिंधिया में कोरोना सिम्टम्स दिखने के बाद उनका कोरोना टेस्ट कराया गया. इसके साथ ही उनकी मां माधवी राजे सिंधिया की भी कोरोना जांच कराई गई. दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है. अब दोनों के संपर्क में आए लोगों को क्वारनटीन करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. साथ ही कोरोना के सोर्स की तलाश की जा रही है.
हाल ही में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस को छोड़ा है. वह कांग्रेस के महासचिव थे, लेकिन कांग्रेस का हाथ छोड़कर वह बीजेपी में शामिल हो गए. सिंधिया के बीजेपी में शामिल होने के बाद मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार गिर गई थी. बीजेपी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को मध्य प्रदेश से राज्यसभा का टिकट भी दिया है.