CAA : मोदी-ममता मुलाकात पर लेफ्ट हुआ लाल!
ममता बनर्जी तुरंत स्टेज पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। उन्होंने कहा, 'मैं बतौर मुख्यमंत्री के तौर पर ही पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने गई थी। यह एक नैतिक मुलाकात थी। मुझे एक भी ऐसा सीएम दिखाइए, जिसने पीएम मोदी के मुंह पर सीएए का विरोध किया हो।' प्रदर्शनकारी छात्रों से ममता ने कहा, 'सीएए के खिलाफ हम पहले दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं। हम सबका मसला एक ही है, इसलिए इसको मुद्दे से मत भटकाइए। मैं आप सभी से लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने की अपील करती हूं।'
प्रधानमंत्री मोदी और सीएम ममता के बीच मुलाकात पर कांग्रेस और सीपीएम की तरफ से तीव्र प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने ममता पर, जनता से विश्वासघात, 'दोहरा रवैया' अपनाने और भगवा खेमे की अंदर ही अंदर मदद करने का आरोप लगाया। वहीं टीएमसी के नेतृत्व ने किसी भी तरह की 'पॉलिटिकल मैच फिक्सिंग' से इनकार करते हुए सरकार के बीच की बैठक करार दिया।
इससे पहले सीएम ममता ने मोदी से मुलाकात के दौरान नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को वापस लेने पर विचार करने का आग्रह किया। बैठक के बमुश्किल 15 मिनट बाद मीडिया को जानकारी देते हुए ममता ने कहा कि उन्होंने केंद्र से राज्य के लिए 38,000 करोड़ रुपये मांगे हैं। ममता ने कहा,‘मैंने यहां उनसे मुलाकात की, क्योंकि केंद्र सरकार के पास हमारे राज्य के 28 हजार रुपये बकाया हैं। इसके अलावा गंभीर चक्रवात बुलबुल से हुए नुकसान की भरपाई के लिए भी हमारा 7,000 करोड़ रुपये बकाया हैं। यह हमारे राज्य की मांग है और हमारा यह सही दावा है। मैंने उनसे कहा कि हमें ये रकम चाहिए।’ बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा,‘मैंने सीएए, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) तीनों के खिलाफ व्यापक विरोध के बारे में भी उनको बताया।’