कश्मीर के नाजुक हालात को देखते हुए बीते रविवार रात बारह बजे श्रीनगर में तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती को नजरबंद कर दिया गया है। साथ ही, कश्मीर में धारा-144 लागू कर दी गई। प्रशासन ने कहा कि राज्य में रैलियों पर भी रोक लगा दी गई है। साथ ही मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
नजरबंद होने के बाद उमर अब्दुल्ला ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया कि हिंसा से केवल उन लोगों के हाथों में खेलेंगे जो राज्य की भलाई नहीं चाहते। शांति के साथ रहें और ईश्वर आप सभी के साथ रहें।
उमर अब्दुल्ला ने रात 11.30 बजे ट्वीट किया, ‘‘मुझे लगता है कि आज आधी रात से मुझे घर में नजरबंद किया जा रहा है। मुख्यधारा के अन्य नेताओं के लिए भी यह प्रक्रिया पहले ही शुरू हो गई है। इसकी सच्चाई जानने का कोई तरीका नहीं है, लेकिन अगर यह सच है तो फिर आगे देखा जाएगा। हमें नहीं मालूम कि कश्मीर के लोगों के लिए क्या किया जा रहा है। लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि अल्लाह ने जो भी सोचा है वह हमेशा बेहतर होगा। हमें शायद यह नजर नहीं आए, लेकिन हमें कभी उनके तरीकों पर शक नहीं करना चाहिए। सभी को शुभकामनाएं। सुरक्षित रहें और सबसे जरूरी शांति बनाए रखें।’’
महबूबा ने रात 11.34 बजे ट्वीट किया, ‘‘घाटी में इंटरनेट बंद किया जा रहा है, ये रात लंबी होने वाली है। मोबाइल कवरेज समेत इंटरनेट सेवाएं बंद होने की खबरें सुनाई पड़ रही हैं। कर्फ्यू पास भी जारी किए जा रहे हैं। ऊपरवाला ही जानता है कि कश्मीर में कल क्या होगा। मुझे लगता है कि यह एक लंबी रात होने जा रही है।’’
अधिकारियों ने कहा कि किश्तवाड़, राजौरी और रामबन जिले के बनिहाल क्षेत्र में रात में कर्फ्यू लगाया गया। सरकार ने एहतियात के तौर पर रविवार आधी रात से श्रीनगर समेत कई जिलों में धारा 144 लागू है। आदेश के मुताबिक, किसी भी तरह की जनसभा या रैली करने पर पूर्ण प्रतिबंध है। जम्मू, किश्तवाड़, रिसाई, डोडा और उधमपुर जिलों में स्कूल और कॉलेज सोमवार को भी बंद रहेंगे।
बनिहाल में लाउड स्पीकरों से रात के कर्फ्यू की घोषणा की गई। जम्मू विश्वविद्यालय की परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। कई शैक्षणिक संस्थानों ने भी अपने छात्रों को हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया है।