सत्येंद जैन दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री को आयकर विभाग द्वारा समन किए जाने के उपरांत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इशारा किया कि वह अपनी सरकार के विरुद्ध हो रहे 'बहुत बड़े षड्यंत्र' का शुक्रवार को खुलासा करेंगे| केजरीवाल ने जैन के दोष-रहित होने का दावा करते हुए किए ट्वीट में बताया कि वह शुक्रवार को विधानसभा में इस साजिश का खुलासा करेंगे| असल में सत्येंद्र जैन को इनकम टैक्स विभाग ने नोटिस भेजा है उन पर हवाला के माध्यम से 17 करोड़ रुपये के लेन देन के इल्जाम लगे हैं|
आयकर विभाग ने जैन को समन जारी कर कोलकाता की चार फर्मों के खिलाफ कर चोरी के सिलसिले में चल रही जांच में पेश होने को कहा है| वहीं सीएम कजेरीवाल ने इस पर दावा किया कि जैन को 'फंसाया' जा रहा है और अगर जैन 'दोषी' होते तो उन्होंने उन्हें पार्टी से पहले ही निष्कासित कर दिया होता| अधिकारियों के हवाले से यह बताया जा रहा है कि जैन को 4 अक्टूबर को जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है और साथ ही उन्हें पिछले चार साल के आईटीआर और निजी वित्तीय जानकारी भी साथ लाने का आदेश दिया है|
हालांकि इस समन पर अपनी राय देते हुए जैन ने कहा कि उन्हें केवल एक गवाह के रूप में बुलाया गया है| उन्होंने पत्रकारों से कहा, "एक निवेशक के तौर पर मैंने इन कंपनियों में चार साल पहले निवेश किया था, लेकिन 2013 के बाद से मेरा इन कंपनियों से कोई लेना देना नहीं है| मैंने कुछ गलत नहीं किया है| मुझे केवल एक गवाह के तौर पर समन भेजा गया है|
यह सिर्फ पुनर्मूल्यांकन है, तफतीश नहीं|" इसके साथ ही उन्होंने भी दिल्ली सरकार के मंत्रियों को फंसाये जाने का दावा करते हुए बताया कि सीएम केजरीवाल ने शुक्रवार को बड़े खुलासे का वादा किया है|