'गुड न्यूज' की आंधी में उड़ा BOX OFFICE, दूसरे दिन हुई छप्पर फाड़ कमाई
नयी दिल्ली। सुपरस्टार अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'गुड न्यूज ' को दर्शकों से भरपुर प्यार मिलता दिख रहा है। 27 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म का दर्शकों को बहुत ही बेसब्री से इंतजार था। राज मेहता द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अक्षय के अलावा करीना कपूर खान, दिलजीत दोसांझ और कियारा आडवाणी भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का अब दूसरे दिन का भी बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सामने आ चुका है, जिसे देखकर ऐसा लग रहा है कि यह फिल्म लोगों को बेहद पसंद आई है।
बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार फिल्म 'गुड न्यूज' ने जहां अपने ओपनिंग डे पर लगभग 18 करोड़ रुपये की कमाई करने में सफलता हासिल की थी, वहीं दूसरे दिन भी इस फिल्म का जलवा बॉक्स ऑफिस पर कायम रहा। जी हां, दूसरे दिन इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 22 करोड़ रुपये बटोरने में सफल रही। इस हिसाब से दो दिनों में 'गुड न्यूज' के हाथ लगभग 40 करोड़ रुपये लग चुके हैं। वहीं, बात 'गुड न्यूज' की करें तो फिल्म शुरू से आखिर तक आपको बोर नहीं होने देगी। 'केसरी' जैसी बेहतरीन फिल्म देने के बाद 'हाउसफुल-4' में जहां अक्षय कुमार रूटीन एक्टिंग करते नजर आए।
अक्षय कुमार ने इस फिल्म में कॉमेडी भी सधे हुए अंदाज में की। वह फिल्म में एकदम नेचुरल एक्टिंग करते दिखे हैं। वहीं करीना कपूर ने भी शादी के 7 साल तक मां न बन पाने के दर्द को पर्दे पर खूब पेश किया है। दिलजीत और कियारा को पर्दे पर अक्षय-करीना से थोड़ा कम टाइम जरूर मिला, लेकिन बहुत सारे दृश्यों में दोनों दर्शकों को गुदगुदा जाएंगे।
वैसे अक्षय कुमार के लिए कहा जाता है कि जब वह स्क्रीन पर होते हैं तो बगल वाले एक्टर पर नजर नहीं जाती, लेकिन इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ भी उनकी उपस्थिति में जगह बनाते दिखे। कियारा आडवाणी ने दिलजीत की पंजाबी बीवी का किरदार निभाया है। पंजाबी बीवी की बोलचाल और बॉडी लैंग्वेज कियारा ने खूब बढ़िया तरीके से पकड़ा और पर्दे पर पेश किया है।