रानू मंडल को लता मंगेशकर ने दी नसीहत, बोलीं- 'कॉपी करने से बस अटेंशन मिलती है, लंबे समय तक सफलता नहीं'
लता मंगेशकर ने रानू मंडल के बारे में बात करते हुए कहा- अगर मेरे नाम और काम से किसी का भला होता है तो मैं अपने आप को खुशकिस्मत समझती हूं। लेकिन मैं यह भी महसूस करती हूं कि नकल करने से आपको लंबे समय तक सफलता नहीं मिल सकती है। किशोर दा, मोहम्मद रफी, आशा भोसले और मुकेश के गाने गाकर आकांक्षी गायकों को कुछ समय के लिए अटेंशन मिलती है लेकिन यह ज्यादा समय तक नहीं रहता है।
उन्होंने कहा कि 'रिएलिटी शोज में कई बच्चे मेरे गाने बड़ी खूबसूरती से गाते हैं लेकिन उनमें से कम ही होंगे जिन्हें याद रखा जाता है। मैं खुद सिर्फ सुनिधि चौहान और श्रेया घोषाल को जानती हूं।' उन्होंने रानू को नसीहत देते हुए कहा, 'ऑरिजिनल रहो, सभी सिंगर्स के एवरग्रीन गाने गाओ लेकिन कुछ समय बाद गायक को अपना गाना ढूंढना चाहिए।'
बता दें कि एक वीडियो से रातों-रात स्टार बनीं रानू मंडल अब हिमेश रेशमिया की फिल्म 'हैप्पी हार्डी और हीर' से बॉलीवुड में बतौर प्लेबैक सिंगर डेब्यू कर चुकी हैं। अब तक इस फिल्म में उनके तीन गानों की झलक सामने आ चुकी है और सभी को लोगों ने खूब पसंद किया है। रानू इससे पहले रेलवे स्टेशनों और गली-गली घूमकर गाना गाती थीं और अपना पेट पालती थीं। रानू का ये सफर देखकर उनकी जिंदगी पर बायोपिक बनाने की प्लानिंग भी की जा रही है।