नयी दिल्ली। सोमवार को पांचवें चरण का मतदान है और इससे पहले आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीएम मोदी और बीजेपी पर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि आधे से ज्यादा चुनाव खत्म हो गया है और यह साफ हो गया है कि मोदीजी हार रहे हैं। मुख्य मुद्दे रोजगार, किसान, प्रधानमंत्री का भ्रष्टाचार, देश के संस्थानों पर हमले हैं। हमारी पोलिंग साफ बता रही है कि भाजपा हार रही है।
राहुल ने यह भी कहा, "सेना, वायुसेना और नौसेना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निजी संपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि जब मोदी ये कहते हैं कि यूपीए के वक्त सर्जिकल स्ट्राइक केवल वीडियो गेम्स में हुई तो यह कांग्रेस का नहीं बल्कि सेना का अपमान है।"
राहुल ने पीएम मोदी के प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने पर भी सवाल उठाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने एक बार फिर राफेल सौदे में भ्रष्टाचार का आरोप दोहराया और सुप्रीम कोर्ट से अपनी माफी मांगने को लेकर भी स्पष्टीकरण दिया।
चौकीदार चोर है संबंधी बयान पर सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगने पर भी राहुल ने स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा, 'मुझसे गलती हुई और मैंने माफी मांग ली। एक बात स्पष्ट कर दूं कि सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन मामले में एससी के हवाले से की अपनी टिप्पणी के लिए मैंने माफी मांगी है। बीजेपी या आरएसएस के लोगों से कोई माफी नहीं मांगी। चौकीदार चोर है का नारा आज देश भर में बोला जा रहा है और यह हमारा नारा रहेगा।'